पिछले चार दशकों के सबसे ब़डे नक्सली नरसंहार में 76 सुरक्षा बलों और आठ नक्सलियों की मौत के बाद खुफिया विभाग ने अब छत्तीसगढ़ के शहरों में ताजा नक्सली हमलों के खतरे के प्रति आगाह किया है। पुलिस के एक उच्चा पदस्थ सूत्र ने बताया कि छत्तीसगढ़ के शहरों में नक्सलियों द्वारा ल़डाई का एक नया मोर्चा खोलने की संभावनाओं की खुफिया जानकारी मिलने के बाद राज्य के सुरक्षा बलों के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस सूत्र ने कहा कि छह अप्रैल की घटना के बाद बस्तर के जंगली इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का ध्यान वहां से हटाने के लिए नक्सली ऎसा कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि राज्य के सभी 18 जिलों के पुलिस प्रमुखों को इस खुफिया जानकारी को गंभीरता से लेने और किसी भी संभव हमले से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया की राजधानी रायपुर में सचिवालय भवन, मंत्रियों व मुख्यमंत्री आवास और पुलिस मुख्यालयों सहित सभी महत्वपूर्ण इमारतों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खुफिया जानकारी के आधार पर सभी प्रमुख शहरों के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों, व्यस्त बाजारों और खरीददारी केंद्रों पर संदिग्ध लोगों की तलाशी ली जा रही है। प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने स्वीकार किया है कि छह अप्रैल के दंतेव़ाडा हमले को अंजाम देने वाले 300 नक्सलियों में से आठ नक्सली मारे गए हैं। पार्टी ने अपने एक वक्तव्य में इस नरसंहार को ऎतिहासिक और अभूतपूर्व बताया है।
गृहमंत्री पी चिदंबरम ने दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले पर बोलते हुए कहा कि हमारे जवानों का अनादर ना करें. उन्होंने दंतेवाड़ा में हुए हमले की जिम्मेवारी ली. गृहमंत्री दिल्ली के वसंतकुंज में सीआरपीएफ़ के शौर्य दिवस के अवसर पर बोल रहे थे. गृहमंत्री पी चिदंबरम खुद इस जलसे में शिरकत कर रहे हैं साथ ही सीआरपीएफ़ के तमाम आला अधिकारी भी यहां मौजूद हैं. गृहमंत्री पी. चिदम्बरम ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सुरक्षाकर्मियों पर मंगलवार को हुए बर्बर नक्सली हमले को लेकर भावावेश में कोई प्रतिक्रिया नहीं करने की वकालत करते हुए बुधवार को कहा था कि अगर जरूरी हुआ तो सरकार नक्सलवादियों के खिलाफ अभियान में वायुसेना का इस्तेमाल नहीं करने के निर्णय पर ‘पुनर्विचार’ कर सकती है. बुधवार को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलवादियों के नृशंस हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ तथा पुलिस के कुल 76 जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद गृहमंत्री ने ये बातें कही. नक्सलियों ने अब तक के भीषण हमले में मंगलवार को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के घने जंगलों में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के 76 जवानों की हत्या कर दी जबकि 8 अन्य को घायल कर दिया. मरने वालों में एक उप कमांडर और एक सहायक कमांडर शामिल है.
| < Prev |
|---|






